अखिलेश के गढ़ में एमपी के सीएम, बोले- मैं अपने कार्यकर्ताओं के बीच आकर अत्यंत आनंदित हूं

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव यूपी के आजमगढ़ दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

आजमगढ़। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ पहुंचे। अखिलेश यादव की पार्टी समाजवादी के गढ़ में पहली बार बीजेपी ने पार्टी के यादव चेहरे को उतारा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आजमगढ़ मंडल की पांच लोकसभा सीटों के लिए जीत की रणनीति तय करने के लिए यहाँ पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने यहां मोहन यादव आजमगढ़ क्लस्टर के अंर्तगत आने वाली आजमगढ़-लालगंज-घोसी-बलिया और सलेमपुर समेत पांच लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों की बैठकों में शामिल हुए। यहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, विधानसभा और लोकसभा दोनों में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आजमगढ़ पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह , कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही और राज्यमंत्री गिरीश यादव ने स्वागत किया। इससे पहले वाराणसी स्थित एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वीरेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. यादव का स्वागत किया। उत्तर प्रदेश के प्रथम आगमन पर डॉ. यादव के सीधे आजमगढ़ जाने पर इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।

विधानसभा की 50 सीटें प्रभावित करते हैं यादव मतदाता

उत्तर प्रदेश में करीब 8-9 फीसदी यादव वोटर माने जाते हैं। ओबीसी में इनकी आबादी करीब 20 फ़ीसदी है। यादव वोट बैंक समाजवादी पार्टी का कोर वोटर माना जाता है। समाजवादी पार्टी की उभार से पहले राम नरेश यादव जनता पार्टी से मुख्यमंत्री रहे हैं। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव तीन बार और उनके उत्तराधिकारी के रूप में अखिलेश यादव एक बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं।

प्रदेश की करीब 50 विधानसभा सीटों को यादव वोटर प्रभावित करते हैं। आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा यादव मतदाताओं को लगातार रिझाने का प्रयास कर रही है। गिरीश यादव योगी सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। हरनाथ यादव को राज्यसभा सदस्य बनाया जा चुका है। सुभाष यदुवंश को पहले युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। फिर प्रदेश संगठन में जगह दी गई। वर्तमान में एमएलसी हैं। भाजपा ने बड़ा संदेश देने के लिए आजमगढ़ में सपा मुखिया अखिलेश यादव के सामने भोजपुरी गायक निरहुआ को खड़ा किया था, हालांकि वह हार गए थे। बाद में उपचुनाव हुआ तो निरहुआ जीते। मुलायम के करीबी यादव नेता सुखराम यादव के बेटे मोहित यादव को भाजपा में शामिल किया जा चुका है। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में तीन जिलों में यादव अध्यक्ष बनाए गए।

भाजपा का वोट शेयर बढ़े, लोग भाजपा से जुड़े

अपने एक दिवसीय यूपी दौरे में आजमगढ़ पहुंचे सीएम मोहन ने बैठकें लीं। यादव ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, लोकसभा संयोजक, लोकसभा प्रभारी और लोकसभा प्रबंध समिति के पदाधिकारियों के साथ रणनीति बनाई। इसके अलावा उन्होंने सांसद, विधायक, विधानसभा प्रत्याशी, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्यों के साथ भी बैठक की।मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, “भाजपा का वोट शेयर बढ़े, लोग भाजपा से जुड़े इसके लिए पूरे देश में अभियान चल रहा है। इसी सिलसिले में अखिल भारतीय प्रवास कार्यक्रम चालू है। उत्तर प्रदेश में मेरा पहला प्रवास आजमगढ़ का है। मेरे लिए और गौरव की बात है, करीब 400 साल पहले मेरे पूर्वज यहीं से गए थे। आजमगढ़ और उत्तर प्रदेश से मेरा विशेष रिश्ता भी है। मैं अपने कार्यकर्ताओं के बीच आकर अत्यंत आनंदित हूं।”

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का कहना है कि मोहन को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पद की कमान मिलने से यादव समाज खुश है। वह भाजपा से जुड़कर आगे बढ़ना चाहता है। इसी रणनीति के तहत बिहार और उत्तरप्रदेश को डॉ मोहन यादव के जरिये साधने की कोशिश की जा रही है जिससे आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर इन प्रदेशों में भाजपा बड़ा लाभ ले सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *